पंजाब सरकार ने बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मोहाली में आधुनिक सीनियर सिटिजन होम (वृद्धाश्रम) बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एस.ए.एस. नगर (मोहाली) के सेक्टर-78 में इस परियोजना के लिए 2.92 एकड़ सरकारी जमीन आवंटित कर दी गई है।
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल भवन नहीं बना रही, बल्कि ऐसा सुरक्षित आश्रय तैयार कर रही है जहां बेसहारा वरिष्ठ नागरिकों को परिवार जैसा वातावरण, सम्मान और अपनापन मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट संकल्प है कि पंजाब का कोई भी बुजुर्ग जीवन के इस पड़ाव पर अकेलेपन और लाचारी का सामना न करे, बल्कि उसके चेहरे पर मुस्कान बनी रहे। इसी उद्देश्य से आधुनिक सुविधाओं से लैस सीनियर सिटिजन होम का निर्माण किया जा रहा है।
डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी दी कि परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए गमाडा को पत्र जारी कर दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को सेक्टर-78 स्थित जमीन का भौतिक कब्जा जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, मोहाली को जल्द सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य बिना देरी शुरू किया जा सके।
सरकार का मानना है कि यह परियोजना प्रदेश के बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।


