हरियाणा ने पर्यटन को बढ़ावा देने और बाहर से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में एक नई पहल की है। हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आगमन टर्मिनल पर टूरिस्ट इन्फॉर्मेशन एंड फैसिलिटेशन सेंटर (TIFC) का शुभारंभ किया।
इस केंद्र के जरिए पर्यटकों को हरियाणा के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों के साथ होटल, रिसॉर्ट, पर्यटन सर्किट, मेलों और आयोजनों की जानकारी मिलेगी। जरूरत पड़ने पर बुकिंग में भी सहायता दी जाएगी।
AI ऐप ‘सरस्वती’ बनेगा डिजिटल गाइड
केंद्र की खास सुविधा AI आधारित ‘सरस्वती’ ऐप है। इसके माध्यम से पर्यटक अपनी पसंद के अनुसार पर्यटन स्थलों की जानकारी ले सकेंगे और हरियाणा घूमने का प्लान भी बना सकेंगे।
डॉ. शर्मा ने कहा कि हरियाणा अब पर्यटन को रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने पर भी जोर दे रहा है। प्रदेश में होम स्टे और फार्म टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि पर्यटकों के साथ गांवों और स्थानीय कारोबारियों को भी इसका फायदा मिले।
उन्होंने बताया कि सूरजकुंड को सालभर सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की तैयारी है। वहीं मोरनी, पिंजौर, कुरुक्षेत्र, ढोसी पहाड़ी और अन्य पर्यटन स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि पर्यटक हरियाणा में सिर्फ रुकें नहीं, बल्कि यहां का अनुभव लेकर दोबारा आने की इच्छा भी रखें।


