हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की सेवा पूरी होने के अवसर पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प माह मनाया जाएगा। अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महेंद्रगढ़ में होने वाले राज्यस्तरीय कार्यक्रम से करेंगे।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मंगलवार को नारनौल के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन लंबे समय से राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

राव नरबीर सिंह ने बताया कि नरेंद्र मोदी करीब 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और पिछले 12 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास के कारण उन्हें लगातार देश की सेवा करने का अवसर मिला है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का दक्षिणी हरियाणा से भी विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने 15 सितंबर को रेवाड़ी में हुई बड़ी जनसभा का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। सेवा संकल्प माह के दौरान इसी दिशा में विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए 12 मॉडल तैयार किए गए हैं, ताकि सरकारी सेवाओं की जानकारी और लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।

Related Posts