हरियाणा सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के लिए नया कॉरिडोर विकसित करेगी। इसका उद्देश्य लोगों को हरियाणा के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और प्राचीन सभ्यता से परिचित कराना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विजन 2047 के तहत पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की पांच वर्षीय योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। सरकार का लक्ष्य प्रदेश की करीब 10 हजार साल पुरानी विरासत को खोजने, संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने पर है।

योजना के तहत प्रदेश में 21 नए पुरातात्विक स्थलों पर खुदाई की जाएगी। पहले चरण में हिसार के सीसवाल में खुदाई प्रस्तावित है। इसके अलावा वर्ष 2031 तक संरक्षित स्मारकों की संख्या मौजूदा 72 से बढ़ाकर 120 से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है।

छह मौजूदा संग्रहालयों का नवीनीकरण और छह नए संग्रहालय विकसित करने की योजना भी बनाई गई है। राखीगढ़ी को प्रमुख ऐतिहासिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही सरस्वती-सिंधु सभ्यता से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है।

सरकार हेरिटेज वॉक, मेले, उत्सव और स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को विरासत से जोड़ेगी। इससे पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Related Posts