पंचकूला, 25 फरवरी- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने आज सेक्टर-16 स्थित हरियाणा वेलफेयर सोसायटी फॉर पर्सन्स विद स्पीच एंड हियरिंग इम्पेयरमेंट तथा सेक्टर-10 स्थित भारतीय ग्रामीण महिला संघ (वूमन हॉस्टल) का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष भी उपस्थित रहीं।

राज्यपाल ने संस्थान में अध्ययनरत मूक-बधिर बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने भाषा अनुवादक के माध्यम से बच्चों को लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अध्यापक उनकी हर प्रकार से सहायता कर रहे हैं और बच्चों को भी पूरी लगन से शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। इस अवसर पर राज्यपाल ने मूक-बधिर बच्चों के लिए साइन लैग्वेज की विभिन्न विषयों की पुस्तकों का भी विमोचन किया।

इससे पूर्व, राज्यपाल ने संस्थान का विस्तृत दौरा कर मूक एवं बधिर बच्चों की शिक्षा और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संस्थान परिसर में प्रस्तावित अतिरिक्त ब्लॉक के स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए। इस तीन मंजिला अतिरिक्त ब्लॉक में कार्यालय भवन और लाइब्रेरी का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप भवन का आधुनिक डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए।

Related Posts