हरियाणा के कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दाखिलों के लिए विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तारीख बढ़ाकर 6 अक्टूबर 2026 कर दी है।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि यह फैसला उन विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जो किसी कारण से अभी तक अपना दाखिला पूरा नहीं कर पाए हैं। प्रदेश के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और सेल्फ-फाइनेंस कॉलेजों में यह व्यवस्था लागू होगी।
नई तारीख के तहत UG और PG पाठ्यक्रमों के प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चौथे वर्ष में दाखिले किए जा सकेंगे। इसके लिए प्रवेश पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग को कॉलेजों के प्राचार्यों और विद्यार्थियों की ओर से दाखिले की तारीख बढ़ाने के अनुरोध मिल रहे थे। विद्यार्थियों की सुविधा और उनकी पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने सभी कॉलेजों के प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि पात्र विद्यार्थियों के दाखिले की प्रक्रिया समय पर और सुचारू रूप से पूरी की जाए।


