चंडीगढ़, 16 जुलाई: सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी — बॉलीवुड की इस सबसे प्यारी जोड़ी के घर अब एक नई सुबह की शुरुआत हो चुकी है। जिस पल का लंबे समय से उनके फैंस को इंतजार था, आखिरकार वह लम्हा आ गया। खबरों के मुताबिक, कियारा आडवाणी ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। मुंबई के एक नामी अस्पताल में मंगलवार के दिन उनकी नन्हीं परी ने जन्म लिया। जैसे ही ये खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर बधाईयों की बाढ़ सी आ गई। हर तरफ से शुभकामनाएं और प्यार की बरसात होने लगी।

हालांकि अभी तक सिद्धार्थ और कियारा की ओर से इस खबर की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों की मानें तो यह खबर एकदम सच है और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। बेटी के जन्म को ‘लक्ष्मी के आगमन’ के रूप में देखा जा रहा है। फैंस से लेकर फिल्म इंडस्ट्री के साथी कलाकार तक, हर कोई इस सुनहरे पल की खुशी में शामिल हो रहा है।

याद दिला दें, यह वही कपल है जिसने 2023 में 7 फेरे लिए थे और फिर कुछ ही समय पहले, अपनी शादी की दूसरी सालगिरह के आसपास अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। उन्होंने एक बेहद प्यारी फोटो पोस्ट की थी जिसमें दोनों ने एक जोड़ी नन्हे मोजे पकड़े हुए थे। इसके साथ ही उन्होंने लिखा था — “हमारी ज़िंदगी का सबसे बड़ा तोहफ़ा जल्द आने वाला है।” इस अनाउंसमेंट ने तब भी सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी थी और अब उनकी बेटी के जन्म ने फिर से उनके चाहने वालों को खुशियों से भर दिया है।

बेटी के जन्म से पहले ही कियारा को कई बार मुंबई के एक क्लिनिक के बाहर देखा गया था। उस वक्त उनके साथ उनके माता-पिता और पति सिद्धार्थ भी नजर आए थे। प्रेग्नेंसी के दौरान कियारा ने मीडिया से थोड़ी दूरी बनाकर रखी थी। वह अक्सर खुद को एक बड़ी छतरी के पीछे छिपाते हुए दिखती थीं ताकि उनकी निजता बनी रहे।

अब जब उनकी जिंदगी में ये नन्हीं खुशियां आई हैं, फैंस और सेलेब्स लगातार सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं भेज रहे हैं। सभी को अब उनकी बेटी की पहली तस्वीर का बेसब्री से इंतजार है।

इस नई शुरुआत के साथ सिद्धार्थ और कियारा अब पैरेंटहुड के खूबसूरत सफर की ओर बढ़ रहे हैं। उनकी जिंदगी में आई यह नन्हीं लक्ष्मी न सिर्फ उनके परिवार के लिए बल्कि उनके फैंस के लिए भी एक बहुत बड़ी खुशी है।

 

Related Posts