मोहाली : विधायक कुलवंत सिंह ने आज दो अहम सड़क परियोजनाओं — चप्पड़चिड़ी कला से चप्पड़चिड़ी खुर्द रोड और खरड़–बनूर रोड से तंगौरी–कुराड़ा–बड़ी रोड — की मरम्मत और अपग्रेडेशन कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि पहले चरण में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से 14 प्रमुख सड़कों की मरम्मत की मंजूरी दी गई है। इनमें से आज दो सड़कों पर कार्य शुरू हो गया है।
खरड़–बनूर रोड से तंगौरी–कुराड़ा–बड़ी रोड (लंबाई 5.57 किमी, चौड़ाई 18 फुट) पर 2.06 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें 27 लाख रुपये पांच साल की देखरेख पर भी रखे गए हैं।
चप्पड़चिड़ी कला से चप्पड़चिड़ी खुर्द रोड (लंबाई 2.05 किमी) को 18 फुट से चौड़ा कर 22 फुट बनाया जाएगा। यह सड़क 3.70 करोड़ रुपये की लागत से पूरी तरह 80 मिमी पेवर ब्लॉक्स से बनाई जाएगी।
विधायक कुलवंत सिंह ने कहा “बेहतर सड़क संपर्क ही समग्र विकास की कुंजी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार शहर और गांव दोनों क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि महिलाओं को प्रतिमाह 1100 रुपये देने का वादा बहुत जल्द पूरा किया जाएगा। यह सरकार का आखिरी चुनावी वादा होगा, जो सिद्ध करेगा कि पंजाब की जनता से किए गए सभी वादों का सम्मान किया गया है।
इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, सरपंच और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।


