पंचकूला 9 अप्रैल: महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचकूला द्वारा आठवें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ आज उपायुक्तसतपाल शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, पंचकूला डॉ. सविता नेहरा, सभी महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला पोषण समन्वयक एवं सभी सुपरवाइजर्स भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में जिले में पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने तथा विभिन्न गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि 9 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक जिले भर में पोषण पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस अवधि के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों एवं समुदाय स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, पोषण संबंधी गतिविधियां, स्वास्थ्य जांच एवं जन-भागीदारी आधारित अभियानों का आयोजन किया जाएगा, जिससे आमजन विशेषकर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों में सही पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। साथ ही, पोषण से संबंधित आईईसी (IEC) सामग्री भी वितरित की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, पंचकूला डॉ. सविता नेहरा द्वारा सभी विभागों को संबोधित करते हुए आगामी 15 दिनों में आयोजित की जाने वाली पोषण पखवाड़ा की गतिविधियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही जिला पोषण समन्वयक श्रीमती मीनू द्वारा भी विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें तथा अधिक से अधिक लोगों तक पोषण का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने विशेष रूप से जमीनी स्तर पर गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग पर बल दिया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, पंचकूला, सिविल सर्जन, पंचकूला, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज, पंचकूला, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला, जिला आयुष अधिकारी, पंचकूला, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी, पंचकूला, विभिन्न एनजीओ तथा रॉकेट लर्निंग की टीम भी उपस्थित रही।बैठक में यह संकल्प लिया गया कि पोषण पखवाड़ा के माध्यम से जिले में कुपोषण को दूर करने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे।


