चंडीगढ़, 25 दिसंबर– हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के विभागों को ‘डिजिटल हरियाणा’ के सपने को हकीकत में बदलने में दिए गए उनके योगदान के लिए 9 गुड गवर्नेंस अवॉर्ड प्रदान किए। इनमें चार राज्य स्तरीय (फ्लैगशिप योजना) और पांच राज्य स्तरीय पुरस्कार शामिल हैं। यह अवार्ड पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी और महान स्वतंत्रता सेनानी महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती के अवसर पर गुरुवार को पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय सुशासन दिवस के कार्यक्रम में दिये गए।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों में सरकारी सेवा के दौरान डिजिटल माध्यम से कार्यों को सरल बनाने में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों में डिजिटल सुधार लागू कर नागरिक-केंद्रित सेवाओं को समयबद्ध और सहज बनाने में योगदान दिया।


