पंचकूला/पिंजौर , 19 फरवरी : उपायुक्त  सतपाल शर्मा ने खंड पिंजौर के गांव खोल फतेह सिंह स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में आयोजित रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उपायुक्त ने कुल 35 समस्याएं सुनीं।

उपायुक्त ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी सामूहिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को सुनना, निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करना तथा राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक कर उनका लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन किया जाता है। इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का समाधान करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

रात्रि ठहराव के दौरान ग्रामीणों ने डंगे लगाने, कच्चे रास्तों को पक्का करने, वृद्धावस्था सम्मान पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल आपूर्ति तथा वोटर कार्ड बनवाने से संबंधित समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Posts