पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। आम लोगों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को राहत देने के लिए स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव किया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा की। नए आदेशों के अनुसार अब सरकारी स्कूलों, दफ्तरों और अन्य सरकारी संस्थानों का समय सुबह 7 बजकर 30 मिनट से दोपहर 1 बजे तक रहेगा।
सरकार का कहना है कि बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए यह निर्णय लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है।
भीषण गर्मी से पंजाब के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
सरकार ने लोगों से भी अपील की है कि तेज धूप और गर्मी के दौरान जरूरी सावधानियां बरतें, अधिक पानी पिएं और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें।
भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा है। राज्य के जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष हीट स्ट्रोक और शीतलन वार्ड बनाए गए हैं। इन वार्डों में एयर कंडीशनर, कूलर, ठंडी IV ड्रिप, बर्फ के पैक और ORS जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही सरकार ने इन वार्डों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए हैं। वही चंडीगढ़ में 25 मई से स्कूलों में समर वेकेशन की शुरुआत भी हो जाएगी।


