पंचकूला मार्च 27: नगर निगम पंचकूला द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के विभिन्न सेक्टरों एवं क्षेत्रों में चिन्हित कूड़ा फेंकने के अस्थायी स्थानों (GVP प्वाइंट्स) को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जा रहा है, जिससे स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम आयुक्त विनय कुमार के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के तहत यह अभियान निरंतर प्रगति पर है। शहर के सेक्टर 4, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 12A, 15, 16, 17, 20, 21, एमडीसी सेक्टर-4, फेज-1, फेज-2 एवं अन्य क्षेत्रों में स्थित कुल 30 से अधिक GVP प्वाइंट्स को सफलतापूर्वक बंद किया गया है। इन स्थानों पर अब कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति को समाप्त कर स्वच्छता बनाए रखने हेतु वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस विशेष स्वच्छता अभियान को मुख्य सफाई निरीक्षक श्री अनिल नैन के नेतृत्व में कार्यरत स्वच्छता टीम द्वारा प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा रहा है। टीम द्वारा नियमित निरीक्षण, निगरानी एवं जन-जागरूकता के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बंद किए गए स्थानों पर दोबारा कूड़ा एकत्र न हो।
आयुक्त विनय कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में निगम का सहयोग करें तथा कचरा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम पंचकूला स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
नगर निगम पंचकूला द्वारा यह अभियान एक सतत प्रक्रिया के रूप में चलाया जा रहा है, जिससे शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाया जा सके ।


