Mohali में 79वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न – सरकारी कॉलेज मैदान में रंगारंग रिहर्सल, तैयारियां पूरी

मोहाली के शहीद मेजर (शौर्य चक्र) हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज मैदान, फेज-6 में आज 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल धूमधाम से हुई। देशभक्ति के रंग में रंगे सैकड़ों छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से माहौल को जोश से भर दिया।

डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल और SSP हरमिंदर सिंह हंस ने परेड और मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। DSP जतिंदर सिंह चौहान की अगुवाई में निकली परेड में पंजाब पुलिस (पुरुष व महिला विंग), NCC कैडेट्स और स्कूल बैंड्स शामिल रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में मोहाली और आसपास के कई स्कूलों ने भाग लिया। इस दौरान नशा विरोध, पराली प्रबंधन, स्वच्छता अभियान, साइबर सुरक्षा, मुफ्त कानूनी सहायता जैसे विषयों पर झांकियां भी पेश की गईं। अंत में स्कूल ऑफ एमिनेंस, फेज-3B1 के बच्चों ने राष्ट्रगान गाकर रिहर्सल का समापन किया।

DC कोमल मित्तल ने बताया कि 15 अगस्त को जिला स्तरीय समारोह में पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुद्दियां राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। सभी विभागों को विशेष जिम्मेदारियां दी गई हैं ताकि आयोजन भव्य और यादगार हो सके।