पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कहा कि आजादी के 80वें वर्ष को राज्य की महिलाओं के लिए आर्थिक आजादी का साल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से महिलाओं को अपने पैसों का इस्तेमाल अपनी जरूरत के अनुसार करने का अधिकार और आत्मविश्वास मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पंजीकृत 74.59 लाख महिलाओं में से 65 लाख से अधिक महिलाओं को सम्मान राशि का लाभ मिल चुका है। उन्होंने इसे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया।

सीएम मान ने कहा कि पंजाब ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी प्रगति की है। सरकारी स्कूलों में सुधार और बेहतर सुविधाओं के कारण राज्य शिक्षा के मामले में 27वें स्थान से देश में पहले स्थान पर पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि अब तक करीब 4 लाख बुजुर्गों को सरकार की मुफ्त धार्मिक यात्रा योजना का लाभ मिल चुका है। नशे के खिलाफ अभियान पर उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के सहयोग से लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किए गए सभी वादों को पूरा करने के साथ कई ऐसे बड़े काम भी किए हैं, जिनका पहले वादा नहीं किया गया था। ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का चौथा सीजन 5 सितंबर से बठिंडा में 36 खेलों के साथ शुरू होगा।

Related Posts