पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मस्तुआना साहिब में श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित कीर्तन दरबार में हिस्सा लिया। उन्होंने गुरु घर में माथा टेककर पंजाब की खुशहाली और प्रदेश के हर परिवार की तरक्की के लिए अरदास की। इस मौके पर उन्होंने गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज को भाईचारे, समानता, मानवता और सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने जात-पात और सामाजिक भेदभाव जैसी बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाई और ऐसे समाज की कल्पना की, जहां किसी भी व्यक्ति के साथ भेदभाव न हो।

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार गुरु साहिब की शिक्षाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर प्रकाश पर्व मना रही है। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पूरे साल पंजाब के अलग-अलग शहरों में कीर्तन समागम और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।

सरकार की ओर से प्रदेश के करीब 13,000 गांवों में 50 मोबाइल वैन के जरिए डॉक्यूमेंट्री शो भी दिखाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन शो और शोभा यात्रा का आयोजन होगा। खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की पहचान आपसी भाईचारे और धार्मिक सद्भाव से है। प्रदेश के लोग सभी धर्मों और त्योहारों का मिलकर सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और समानता की राह दिखाती हैं।

Related Posts