चंडीगढ़, 27 मार्च 2026: पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां बताया कि कर विभाग ने तंबाकू टैक्स चोरी पर अंकुश लगाने के लिए पूरे पंजाब में बड़े स्तर पर समन्वित प्रवर्तन (इन्फोर्समेंट) अभियान शुरू किया है, जिसके तहत लगभग 1.5 करोड़ रुपये के बिना हिसाब-किताब (अनअकाउंटेड) सामान का पता लगाया गया है।
कार्रवाई के विवरण साझा करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया, “सिगरेट, बीड़ी और अन्य संबंधित तंबाकू उत्पादों पर हाल ही में टैक्स दरों में वृद्धि के बाद विभाग को इस क्षेत्र में टैक्स चोरी की गतिविधियों में बढ़ोतरी की सूचना मिली थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और जालंधर स्थित चार स्टेट इन्वेस्टिगेशन एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स की टीमों को सक्रिय किया गया। इन टीमों ने आठ अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की, जिनमें पांच रजिस्टर्ड कारोबारों और तीन बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे व्यवसायों की जांच की गई।”
इनफ़ोर्समेंट अभियान की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा, “लुधियाना और अमृतसर में बड़े स्तर पर गड़बडिय़ां सामने आईं, जहां प्रवर्तन टीमों ने गुप्त स्टोरेज स्थानों और बिना हिसाब वाले स्टॉक की पहचान की। मुख्य दुकानों और उनसे जुड़े गोदामों की गहन जांच के दौरान भारी मात्रा में सामान बिना वैध बिल (इनवॉइस) के संग्रहीत और बेचा जा रहा था।”


