पंचकूला, 6 फरवरी- हरियाणा सरकार द्वारा निर्देशित आयुष्मान भारत सर्जिकल कैंप 2 फरवरी से 11 फरवरी तक प्रदेश-भर में आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य आयुष्मान भारत/चिरायु हरियाणा योजना अंतर्गत लंबित सर्जरी वाले किसी भी पात्र लाभार्थी को प्रतीक्षा में न रहने देना तथा सभी लाभार्थियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण, निःशुल्क एवं कैशलेस शल्य चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

सिविल सर्जन डाॅ मुक्ता कुमार ने बताया कि उक्त उद्देश्य की पूर्ति हेतु सिविल अस्पताल, सेक्टर-06, जिला पंचकूला में इस सर्जिकल कैंप का विधिवत आयोजन किया गया है। अस्पताल प्रशासन, विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा आयुष्मान प्रबंधन टीम द्वारा कैंप के दौरान पूर्ण समन्वय एवं तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया की 6 फरवरी को विभिन्न विभागों द्वारा कुल 16 सर्जरी सफलतापूर्वक की गई, जिसमें से 4 जनरल सर्जरी विभाग, 5 नेत्र रोग विभाग, 4 स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, 2 हड्डी रोग विभाग और 1 ईएनटी विभाग से संबंधित सर्जरी शामिल है।

उन्होंने बताया आगामी 7 से 11 फरवरी तक सर्जिकल कैंप की सुचारु कार्यवाही हेतु विभिन्न व्यवस्थाएँ की गई है

सिविल सर्जन डॉ मुक्ता कुमार ने सभी पात्र लाभार्थियों, समुदाय प्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा है की जिन लाभार्थियों की किसी भी प्रकार की सर्जरी लंबित है, वे सिविल अस्पताल, सेक्टर-6, पंचकूला में शीघ्र संपर्क करें। आयुष्मान भारत/चिरायु हरियाणा योजना के अंतर्गत सभी प्रकार की सर्जरी पूर्णतया निःशुल्क एवं कैशलेस हैं। उन्होंने कहा की लाभार्थी अस्पताल पहुँचते समय अपना आभा नंबर/आयुष्मान कार्ड/चिरायु दस्तावेज अवश्य साथ लाएँ।

उन्होंने कहा की जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि इस अभियान अवधि के दौरान एक भी पात्र लाभार्थी सर्जरी हेतु प्रतीक्षा सूची में न रहे।

Related Posts