पंचकूला, 27 मार्च : माता मनसा देवी परिसर में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान पंचकूला की ओर से आयोजित 9 दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। स्वास्थ्य जांच शिविर में दो हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। हर रोज 200 से 300 के बीच में श्रद्धालु अपने स्वास्थ्य की जांच करवाने पहुंचे, जिन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गई। खास बात यह भी रही कि मेले में ड्यूटी पर तैनात बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों और सेवादल के सदस्यों ने भी अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।
शुक्रवार को संस्थान के डीन-इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व और उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव गर्ग ने शिविर का दौरा किया। उन्होंने शिविर में उपचार लेने पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं जानीं और आयुर्वेदिक उपचार के प्रति जागरूक किया। शिविर में पहुंचने वाले लोगों ने भी आयुर्वेदिक उपचार से मिल रही राहत को सकारात्मक बताया। शुक्रवार को डॉ. अनूप एम, डॉ. आंकाक्षा राणा, डॉ. सुनीता यादव और डॉ. मानसी ग्रेवाल की टीम ने विभिन्न रोगों का परामर्श और उपचार प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. समित मसंद प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।
डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग ने बताया कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा और डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में वर्ष 2024 से चैत्र और शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वर्ष 2026 में शिविर 19 मार्च से शुरू हुआ, जोकि 27 मार्च तक चला। इस दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ जरूरतमंदों को निशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयां भी वितरित की गई। शिविर में दो हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।


