चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आज चंडीगढ़ में शहीदी सभा श्री फतेहगढ़ साहिब की तैयारियों को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करना रहा। मुख्यमंत्री मान ने स्पष्ट किया कि शहीदी सभा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में मुख्यमंत्री मान को विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब को जाने वाली सभी प्रमुख और संपर्क सड़कों की विशेष रूप से साफ-सफाई कराई जाए और यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदी सभा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सिख इतिहास और बलिदान की स्मृति से जुड़ा पावन अवसर है। राज्य सरकार गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
Top Tags