हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने नारनौल के अटेली क्षेत्र के रामपुरा और कांटी गांव में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का ध्यान गांवों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में कई स्तरों पर सुधार किए जा रहे हैं और सरकारी अस्पतालों के ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को अपने आसपास ही अच्छी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें महंगे निजी अस्पतालों का सहारा कम लेना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत कांटी गांव में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इससे लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

वहीं, रामपुरा गांव में रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों ने सेवा भावना के साथ भाग लिया। आरती सिंह राव ने कहा कि दोनों गांवों से उनका विशेष जुड़ाव है और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

Related Posts