हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को अभियान की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और सेवा से जुड़े कार्यक्रम गांव से लेकर जिला स्तर तक आयोजित किए जाएं।
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इनमें सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का समाधान, नए पात्र लाभार्थियों को जोड़ने और लोगों को योजनाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी सेवा, राष्ट्र निर्माण और रचनात्मकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, रंगोली और अन्य प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर महेंद्रगढ़ में विश्वकर्मा दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जिलों में होने वाली अच्छी पहलों और सफल कार्यों का दस्तावेजीकरण करने तथा उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।


