हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पगड़ी को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सैनी ने कहा कि पगड़ी सिख गुरुओं की परंपरा, सम्मान और आस्था का प्रतीक है। इस तरह की टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में सोमवार को मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उनके लिए पगड़ी केवल पहनावा नहीं, बल्कि गुरुओं से मिली परंपरा और सीख का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं की शिक्षाओं और बलिदानों के कारण ही समाज आज सम्मान और स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ रहा है।

सैनी ने भगवंत मान से इस टिप्पणी को लेकर माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर पगड़ी को लेकर ऐसी बात कही गई है, तो मान को उस स्थान पर जाकर माफी मांगनी चाहिए, जहां गुरुओं ने दस्तार सजाई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवंत मान को पंजाब की जनता से भी माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस टिप्पणी से पंजाब के लोगों और सिख गुरुओं की भावनाओं का अपमान हुआ है।

इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों समेत कई अन्य नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Posts