हरियाणा की जेलों में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि इस दौरान जेलों में रहने वाले बंदियों को समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के तहत जेल परिसरों में पौधारोपण, रक्तदान, योग और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही बंदियों को शिक्षा और आत्म-सुधार से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि जेलों में पढ़ाई कर रहे युवा बंदियों से विशेष रूप से संवाद किया जाएगा। उनसे उनके विचार, समस्याएं और सुझाव जाने जाएंगे, ताकि जेलों में सुधार और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि जेलों का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि बंदियों को बेहतर जीवन के लिए तैयार करना भी है। ऐसे अभियानों से बंदियों में सकारात्मक सोच, जिम्मेदारी और समाज के प्रति जुड़ाव बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सरकार का प्रयास है कि जेलों में ऐसा माहौल तैयार किया जाए, जहां बंदी अपनी गलतियों से सीख लेकर भविष्य में समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।


