पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य में पराली प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के साथ मिलकर काम करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस किसानों को पराली के निपटारे के लिए सस्ते और प्रभावी तकनीकी समाधान उपलब्ध कराने पर है।
CII प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने पंजाब के औद्योगिक विकास, नए निवेश और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब को देश का सबसे बेहतर औद्योगिक हब बनाने और कारोबार के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है।
सीएम मान ने पराली प्रबंधन के प्रयासों को मालवा क्षेत्र, खासकर संगरूर और बरनाला में बढ़ाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि टिकाऊ खेती, संसाधनों का सही इस्तेमाल, हरित तकनीक और पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान देना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने लुधियाना में प्रस्तावित मल्टी-स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए CII को सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इससे पंजाब के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इसके अलावा जालंधर में टेक्निकल टेक्सटाइल्स के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और आधुनिक लैब बनाने की संभावनाएं तलाशने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने रक्षा विनिर्माण उद्योगों के लिए विशेष स्किल सेंटर स्थापित करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
बैठक में कृषि, पराली प्रबंधन, बागवानी, औद्योगिक ढांचे, स्किल डेवलपमेंट और नए उद्योगों को बढ़ावा देने के मुद्दों पर चर्चा हुई।


