चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर अपनी मांगों को लेकर चल रहा किसानों का धरना पंजाब सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद खत्म हो गया। कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने प्रदर्शन कर रहे किसान संगठनों को सरकार की ओर से लिखित भरोसा सौंपा। इसके बाद किसानों ने अपना आंदोलन वापस लेने का फैसला किया।
सरकार ने किसान संगठनों की प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है। कृषि मंत्री ने बताया कि भगवंत मान सरकार किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। सरकार विशेष विधानसभा सत्र बुलाएगी, जिसमें किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा किसानों के फसल ऋण के लिए वन-टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना लाने और गन्ने का देश में सबसे अधिक भाव सुनिश्चित करने की बात कही गई है। सरकार का कहना है कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि अन्नदाताओं का कल्याण भगवंत मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने किसान संगठनों से बातचीत और आपसी सहयोग के जरिए कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों का समाधान निकालने पर भी जोर दिया।


