हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कैथल दौरे के दौरान एक अलग और दिल छू लेने वाला अंदाज देखने को मिला। गांव अरनैचा में मुख्यमंत्री अचानक एक स्कूली बस में सवार हो गए और बच्चों से मिलने लगे। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर बच्चे पहले हैरान हुए, लेकिन उनसे बातचीत और हाथ मिलाने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
दरअसल, मुख्यमंत्री कैथल के गांव जड़ौला में संत गुरु रविदास जी की प्रतिमा स्थापना समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वह गांव अरनैचा में एक कार्यकर्ता के घर पहुंचे। यहां उनके काफिले के पास एक स्कूली बस पहुंची। बस को देखकर मुख्यमंत्री खुद बच्चों से मिलने के लिए उसमें चढ़ गए।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की और एक-एक कर कई बच्चों से हाथ मिलाया। अचानक मुख्यमंत्री को बस में देखकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
कुछ देर बच्चों के साथ बातचीत करने के बाद मुख्यमंत्री बस से नीचे उतर आए। मुख्यमंत्री के जाने के बाद भी बच्चे उत्साह में हाथ हिलाते नजर आए। मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज वहां मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा।


