पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने धूरी में आयोजित ‘तीयां दा मेला’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजाब की महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की योजनाओं पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और प्रदेश की तरक्की में अहम भूमिका निभा रही हैं।
सीएम मान ने कहा कि पंजाब में 75 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1,000 से 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें अपने फैसले लेने में सक्षम बनाना है।
उन्होंने बताया कि करीब 3 लाख महिलाएं 29,000 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। इन समूहों को 631 करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवाए गए हैं, ताकि महिलाएं अपना काम शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘तीयां दा मेला’ पंजाब की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और लोक गीतों का खूबसूरत उत्सव है। उन्होंने लोगों से पंजाब की विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की।
सीएम मान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा ‘रंगला पंजाब’ बनाना है, जो विकास के साथ अपनी संस्कृति और विरासत को भी मजबूती से संभाले।


