हरियाणा सरकार निवेश को बढ़ावा देने और प्रदेश को उद्योगों के लिए बेहतर केंद्र बनाने के उद्देश्य से मुंबई में ‘हैपनिंग हरियाणा’ रोडशो आयोजित करेगी। यह रोडशो 23 और 24 अगस्त को होगा। इसमें देश के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों को हरियाणा में उपलब्ध कारोबारी अवसरों की जानकारी दी जाएगी।
उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह के अनुसार, रोडशो के जरिए विकसित भारत-2047 के निर्माण में हरियाणा की भूमिका को सामने रखा जाएगा। सरकार निवेशकों को प्रदेश की नई औद्योगिक नीतियों, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और कारोबार के लिए उपलब्ध संभावनाओं से अवगत कराएगी।
रोडशो में नई औद्योगिक एवं एमएसएमई नीति को खास तौर पर प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) और पांच नए शहरों की योजना भी निवेशकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
सरकार का लक्ष्य नए निवेश के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाना और औद्योगिक विकास को गति देना है। मुंबई रोडशो के दौरान निवेशकों के सुझाव भी लिए जाएंगे, ताकि हरियाणा में कारोबार के लिए अनुकूल माहौल को और मजबूत किया जा सके।


