होशियारपुर में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। जेल, एनआरआई मामलों और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने समारोह में तिरंगा फहराया और शहीदों तथा स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को पूरा करने और राज्य को विकास की नई दिशा देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने लोगों से मिलकर पंजाब को खुशहाल और विकसित बनाने में सहयोग देने की अपील की।
डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए गुरु साहिब की शिक्षाओं और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पंजाब ने देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर शिक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध हों।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है, जहां एनआरआई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की गई है। इससे विदेशों में रहने वाले पंजाबियों को अपनी शिकायतों के समाधान में आसानी होगी।
समारोह के दौरान मंत्री ने सोमवार को होशियारपुर जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य मिलकर एक मजबूत और ‘रंगला पंजाब’ बनाना है।


