पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ से मुलाकात कर राज्य और देश की सुरक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में पंजाब सरकार और भारतीय सेना के बीच सहयोग बढ़ाने, युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रोत्साहित करने और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के युवाओं ने हमेशा देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक पंजाबी युवाओं को सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने के लिए बेहतर मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलें।
सीएम मान ने सीमा पार से होने वाली तस्करी और ड्रोन गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य है, जिसने अपनी एंटी-ड्रोन तकनीक तैयार कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की पहल की है। इससे सीमा पार से ड्रोन के जरिए होने वाली अवैध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस की सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग देगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा में हमेशा आगे रहकर योगदान दिया है।
बैठक में सेना और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत पर सहमति बनी।


