मोहाली से पंजाब सरकार के ‘हमारे राम’ नाटक के मंचन की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उद्घाटन प्रस्तुति के दौरान दर्शकों के साथ बैठकर नाटक देखा। राज्य सरकार की ओर से पंजाब के अलग-अलग शहरों में इस नाटक के कुल 41 शो आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि सभी शो आम लोगों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हमारे राम’ के जरिए भगवान राम के जीवन, उनके आदर्शों और मानवीय मूल्यों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रंगमंच हमारी संस्कृति और विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
नाटक के शो अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, फिरोजपुर, संगरूर, बठिंडा और होशियारपुर समेत पंजाब के कई शहरों में आयोजित किए जाएंगे। प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा की प्रभावशाली प्रस्तुति नाटक का प्रमुख आकर्षण है। सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग इस सांस्कृतिक प्रस्तुति को देखें और भगवान राम के जीवन से जुड़े मूल्यों को समझें। नि:शुल्क प्रवेश से आम जनता की भागीदारी भी बढ़ने की उम्मीद है।


