हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए पौधरोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

शनिवार को हिसार के बरवाला स्थित मदन लाल ढीगड़ा पार्क में मानसून सीजन के तहत आयोजित पौधरोपण अभियान में हिस्सा लेते हुए मंत्री रणबीर गंगवा ने पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि मानसून का मौसम पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय होता है। प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। साथ ही उन्होंने वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को भी जनभागीदारी से जोड़ने की आवश्यकता बताई, ताकि जल संसाधनों का संरक्षण किया जा सके।

मंत्री गंगवा ने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण स्वस्थ जीवन की नींव है। यदि आज प्रकृति के संरक्षण के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे तो भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित और समृद्ध वातावरण मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।

इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे जनभागीदारी आधारित अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो देशभर में हरियाली का दायरा तेजी से बढ़ेगा और पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष रमेश चंद्र बैटरी वाला, मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीण सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू सहित कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Related Posts