मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर लोगों की समस्याएं सुनीं। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरियाणा का सिरसा किन्नू देश का पहला ऐसा फल बन गया है जिसे स्वतंत्र GI (Geographical Indication) टैग मिला है। इससे सिरसा के किन्नू को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि वे किन्नू की गुणवत्ता और उत्पादन पर विशेष ध्यान दें ताकि इस पहचान को और मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि GI टैग मिलने से किसानों को बेहतर बाजार मूल्य मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

GI टैग दिलाने वालों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री ने सिरसा किन्नू को GI टैग दिलाने में योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों, अधिकारियों और विशेषज्ञों को सम्मानित किया। उन्होंने निखिल मेहता (बड़ागुढ़ा), मनोज कुमार (ऐलनाबाद), कृष्ण कुमार (डबवाली) और एचडीओ सीमा कंबोज को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की।

सिरसा किन्नू बना हरियाणा का पहला स्वतंत्र GI टैग प्राप्त कृषि उत्पाद

जिला उद्यान अधिकारी दीन मोहम्मद ने बताया कि सिरसा किन्नू हरियाणा का पहला स्वतंत्र GI टैग प्राप्त कृषि उत्पाद बन गया है। इससे पहले बासमती और फुलकारी को संयुक्त रूप से GI टैग मिला था।

उन्होंने बताया कि पहले स्वतंत्र GI टैग नहीं होने के कारण सिरसा का किन्नू अन्य राज्यों के किन्नू के साथ मिलाकर बेचा जाता था, जिससे किसानों को उनकी उच्च गुणवत्ता वाली उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब GI टैग मिलने से सिरसा किन्नू की ब्रांड वैल्यू बढ़ेगी और किसानों को बेहतर बाजार मिलने की संभावना है।

युवाओं के साथ गंभीरता से काम कर रही है सरकार

एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में CET और NEET परीक्षाएं बिना किसी बड़ी परेशानी के संपन्न हुईं और परीक्षार्थियों के लिए यातायात की पर्याप्त व्यवस्था की गई।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष युवाओं को भड़काने और गुमराह करने का प्रयास कर रहा है, जबकि सरकार युवाओं के हित में गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

बैठक में रहे मौजूद

इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, रोहताश जांगड़ा, देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Posts