पंचकूला 4 जून: पंचकूला जिला की बहबलपुर ग्राम पंचायत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की नई योजना को अपनाकर पेयजल के प्रबंधन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी उठाने वाली जिले की पहली ग्राम पंचायत बनने की ओर अग्रसर है। इस योजना को अमली जामा पहनाने के लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित किया गया। इसके उपरांत ग्राम पंचायत, ग्राम जल एवं सीवरेज समिति तथा विभागीय अधिकारियों ने संयुक्त घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर कर आगामी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की जिला सलाहकार आरजू चौधरी ने वीरवार को बताया कि विभाग द्वारा पेयजल प्रबंधन एवं रखरखाव में ग्राम पंचायत की सहभागिता को लेकर नई योजना तैयार की गई है। इस योजना में ग्राम पंचायत द्वारा ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरपंच प्रियंका देवी की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में विभाग के अधिकारियों द्वारा नीति के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

ग्राम जल एवं सीवरेज समिति द्वारा पेयजल का प्रबंधन एवं रखरखाव का कार्य ग्राम पंचायत द्वारा किए जाने का प्रस्ताव ग्राम सभा में प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसके बाद इस योजना के लिए तैयार किए गए घोषणा पत्र पर प्रथम पक्ष के रूप में सरपंच ग्राम पंचायत एवं साक्षी ग्राम चौकीदार, द्वितीय पक्ष के रूप में ग्राम जल एवं सीवरेज समिति एवं ग्राम सचिव तथा उपस्थित साक्षी सदस्य पंच और तृतीय पक्ष के रूप में कार्यकारी अभियंता एवं अन्य उपस्थित साक्षियों द्वारा हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता समीर शर्मा ने कहा कि सिंगल विलेज स्कीम के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को नई योजना में रुचि दिखाते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को योजना की पूरी जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम में उपमंडल अभियंता विनोद कुमार, खंड समन्वयक पूनम देवी, कनिष्ठ अभियंता हाकम सिंह, सचिन वर्मा, पंचायती राज विभाग के कनिष्ठ अभियंता रमेश कुमार, ग्राम सचिव सविता आर्य, समाजसेवी भीम सिंह नंबरदार सहित अन्य ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे।

Related Posts