चंडीगढ़, 22 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मिडल ईस्ट में आए संक/ट का इंडस्ट्री विशेषकर आयात निर्यात पर गहरा प्रभाव पड़ा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी इस विषय पर अपनी चिंता जाहिर कर चुके है। संकट की इस घड़ी में हरियाणा सरकार व्यवसाईयों आपके साथ खड़ी है।
उन्होंने यह बात शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में एनसीआर के विभिन्न इंडस्ट्रीज व ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान कही। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे।
CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम ने कोरोना का कालखंड भी देखा था। जिस प्रकार आपने और हम सबने मिलकर उस संकट को पार किया, उसी तरह इस दौर से भी उबरेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस बात पर गहरी चिंता जाहिर की है और उनका मानना है कि इस दौर में छोटी छोटी बातों का विशेष ध्यान रखा जाए। सरकार पहले भी और अब भी आपके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार की नई उद्योग नीति को कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। आपने पहले जो भी सुझाव दिए थे उनको इस नीति में शामिल कर लिया गया है ताकि उद्योगों को प्रदेश में एक अच्छा माहौल मिले। इस दौरान बैठक में पहुंचे प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी मुख्यमंत्री को दिए। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और कई मांगों को बैठक में ही मंजूरी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. अमित अग्रवाल, चीफ कॉर्डिनेटर इंडस्ट्रीज सुनील शर्मा तथा हरियाणा चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स, फुटवियर, एक्सपोर्ट, एनर्जी, किराना आदि व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


