पंचकूला, 1 मई : उपायुक्त सतपाल शर्मा ने आज सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गर्मी के मौसम में लू के दुष्प्रभाव को कम करने के लिए जारी एडवाइजरी को प्रभावी ढंग से लागू करने हेतु तुरंत कार्रवाई करें, उन्होंने ये निर्देश लघु सचिवालय में आयोजित वर्ष 2026 के लिए लू से निपटने की तैयारियों और बचाव उपायों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य में लू की आशंका को देखते हुए समय पर और आपसी समन्वय के साथ तैयारियां शुरू करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अत्यधिक गर्मी के दुष्प्रभाव को कम करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि हरियाणा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा इस संबंध में एडवाइजरी जारी की जा चुकी है, जिसे सभी विभाग गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ लागू करें।
बिजली विभाग को निर्देश दिए गए कि वह ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाए और अस्पतालों व अन्य आवश्यक सेवाओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को भी विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनवाड़ी केंद्रों में ओआरएस पैकेट, जीवन रक्षक दवाएं, आईवी फ्लूड, आइस पैक आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में लू प्रभावित मरीजों के लिए विशेष वार्ड या बेड आरक्षित करने को कहा गया। स्वास्थ्य कर्मियों—चिकित्सकों, नर्सों, फील्ड वर्करों, आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं—को हीट-संबंधित बीमारियों की रोकथाम और उपचार के लिए प्रशिक्षित करने के भी निर्देश दिए गए।


