चंडीगढ़, 23 मार्च। शहीदी दिवस के अवसर पर जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने ऐलान करते हुए कहा है कि वैचारिक क्रांति का संकल्प लेते हुए जेजेपी प्रदेशभर में जनविरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ने जा रही है। उन्होंने कहा कि अप्रैल में छात्र संगठन इनलो के नेतृत्व में वे प्रदेशभर के सभी विश्वविद्यालयों का दौरा करेंगे। सात अप्रैल को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से इसकी शुरुआत होगी और भाजपा सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।

सोमवार को दिग्विजय शहीदी दिवस के अवसर पर जींद में जेजेपी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से रूबरू थे। इससे पहले दिग्विजय चौटाला ने शहीदों को नमन करते हुए खुद रक्तदान किया। साथ ही उन्होंने जेजेपी की युवा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को भी संबोधित किया।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 15 मई से JJP  युवा जन-जन अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत प्रदेशभर के करीब एक हजार गांव में वे पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव जाकर जनविरोधी भाजपा के खिलाफ लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ जेजेपी फील्ड में लड़ाई लड़ेगी और 9 दिसंबर को जेजेपी के स्थापना दिवस से पहले संगठन मजबूती के साथ-साथ लोगों को एकजुट किया जाएगा। इस दौरान मंडियों का दौरा करने के साथ-साथ बुढ़ापा पेंशन, बीपीएल कार्ड कटौती, बेरोजगारी और हरियाणा से बाहर के लोगों को नौकरी देने जैसे गंभीर मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

Related Posts