मथुरा में आज शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बारिश के बीच सुबह करीब 7 बजे वृंदावन स्थित श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचीं , उन्होने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आर्शिवाद लिया। राष्ट्रपति मुर्मू अपने परिवार के साथ प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने संत को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। संत प्रेमानंद महाराज ने ‘राधे-राधे’ कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। इस बीच करीब 25 मिनट तक आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा हुई। चर्चा के दौरान राष्ट्रपति भाव-विभोर नजर आईं और आध्यात्मिक विषयों पर गहन संवाद हुआ।
राष्ट्रपति के साथ उनकी बेटी इतिश्री मुर्मू, दामाद गणेश हेम्ब्रम और दोनों नातिनें भी मौजूद थीं। आश्रम में संतों ने राष्ट्रपति मुर्मु को माला और चुनरी ओढ़ाकर पारंपरिक स्वागत किया। संत प्रेमानंद जी का एक दिन पहले, 19 मार्च गुरुवार को जन्मदिन था। इस दौरान राष्ट्रपति ने संत प्रेमानंद महाराज को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं ।


