मोहाली, 15 अप्रैल: पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत मोहाली से 22वीं बस श्रद्धालुओं को लेकर रवाना हुई। मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने गांव सनैटा से बस को हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत करवाई।
यह बस 42 श्रद्धालुओं को लेकर धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों – श्री हरमंदिर साहिब, दुर्गियाना मंदिर, राम तीरथ मंदिर, वाघा बॉर्डर और जलियांवाला बाग के लिए रवाना हुई।
इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में विकास कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं और सरकार आम जनता के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।
उन्होंने बताया कि तीर्थ यात्रा योजना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंजीकरण करवा रहे हैं और लोग इस योजना का लाभ लेकर धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक भाईचारा भी मजबूत हो रहा है।
विधायक ने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनाने का अभियान भी बड़े स्तर पर चल रहा है, जिसके लिए वार्ड स्तर पर कैंप लगाए जा रहे हैं।


