पंचकूला, 19 फरवरी: हरियाणा सरकार के युवा कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने नेचर कैंप थापली में दो दिवसीय शैक्षणिक एवं साहसिक भ्रमण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा इको-टूरिज्म के महत्व के बारे में व्याख्यान प्रदान किया गया तथा दूसरे दिन ट्रैकिंग गतिविधि आयोजित की गई।
युवा कल्याण संयोजक नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के युवा कल्याण कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेचर कैंप थापली में आयोजित ट्रैकिंग कार्यक्रम में हरियाणा के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में पर्यावरण जागरूकता, साहसिक भावना तथा नेतृत्व कौशल का विकास करते हैं।
इस अवसर पर डिप्टी रेंज अधिकारी विजय नेहरा ने विद्यार्थियों को इको-टूरिज्म के विभिन्न आयामों से अवगत कराया तथा सुरक्षित ट्रैकिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जिम्मेदार पर्यटन के महत्व पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया तथा हरियाणा सरकार के इस प्रयास की सराहना की।
Top Tags