“पंचकूला में युवा प्रतिभाओं को मिलेगा मंच,अटल गली क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ जल्द”

पंचकूला, 29 अक्तूबर – हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने आज स्थानीय रैड बिशप, सैक्टर 1 में भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपयी जिला गली क्रिकेट टूर्नामैंट की विजेता और रनर-अप ट्रॉफीज का विधिवत अनावरण किया। इस अवसर पर स्पोर्टस प्रमोशन सोसाइटी, पंचकूला के चेयरमैन और पूर्व-विधानसभा अध्यक्ष, ज्ञान चन्द गुप्ता भी उपस्थित थे। स्पोर्टस प्रमोशन सोसाइटी द्वारा पहली बार जिला गली क्रिकेट टूर्नामैंट का आयोजन पंचकूला में 6 नवम्बर से 11 नवम्बर तक किया जा रहा है। इस टूर्नामैंट का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित कर उन्हें नशे जैसी बुरी लत से दूर रखना है।

 

 

विधानसभा अध्यक्ष  हरविंद्र कल्याण ने ट्रॉफीज का अनावरण करने उपरांत सम्बोधित करते हुए स्पोर्टस प्रमोशन सोसाइटी, पंचकूला की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सोसाइटी के चेयरमैन और हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष  ज्ञान चन्द गुप्ता बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने चण्डीगढ़ के मेयर, पंचकूला के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए राजनीति के साथ-साथ सामाजिक जीवन में उल्लेखनीय कार्य किए हैं ।

उन्होंने कहा कि युवाओं की चिंता करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में युवाओं अहम योगदान रहने वाला है । हरविंद्र कल्याण ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इस गली क्रिकेट टूर्नामैंट के माध्यम से न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक बेहतर मंच मिलेगा, बल्कि वे खेलों को अपने जीवन में अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकेंगे।

 पूर्व-विधानसभा अध्यक्ष, ज्ञान चन्द गुप्ता ने बताया कि प्रथम जिला गली क्रिकेट टूर्नामैंट का उदघाटन 6 नवम्बर को पंजाब के राज्यपाल  गुलाब चन्द कटारिया करेंगे, जबकि 11 नवम्बर को पारितोषिक वितरण समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो0 असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि इस गली क्रिकेट टूर्नामैंट में 104 टीमों के लगभग 1300 खिलाड़ी भाग लेंगे। मैचों का आयोजन पंचकूला के पांच ग्राउंडों में किया जाएगा। विजेता टीम को अटल ट्रॉफी और एक लाख रुपये तथा रनर-अप टीम को अश्वनी गुप्ता ट्रॉफी और 51,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा, बैस्ट फील्डर, बैस्ट कैचर, बैस्ट बैटसमैंन, बैस्ट ऑलराउंडर और मैन ऑफ द टूर्नामैंट को 5100-5100 की राशि से सम्मानित किया जाएगा।

श्री गुप्ता ने बताया कि इस टूर्नामैंट में सभी मैंच 10-10 ओवर के खेले जाएंगे।