पंचकूला, 8 दिसंबर: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सतपाल शर्मा ने बताया कि जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से पूर्व की गतिविधि के तहत जिले में सभी बीएलओ द्वारा राज्य में हुए पिछले गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची वर्ष 2002 से राज्य के वर्तमान मतदाताओं का मिलान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है लेकिन उनके माता-पिता, दादा-दादी का नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में दर्ज था, उनके साथ मिलान किया जा रहा है। इस कार्य को समय सीमा पर पूर्ण करने के लिए राज्य के सभी बी.एल.ओ. घर-घर जाकर मतदाताओं से सूचना प्राप्त कर रहे है। अभी तक जिले के वर्तमान मतदाताओं की संख्या में से लगभग एक लाख दो हजार मतदाताओं को वर्ष 2002 की मतदाता सूची के साथ मिलान किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं को यह मालूम नहीं है कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची में स्वयं उनका नाम या उनके माता-पिता, दादा-दादी का नाम भारत के किसी राज्य की या हरियाणा राज्य की किस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के किस भाग (मतदान केन्द्र संख्या) व मतदाता सूची की क्रम संख्या में दर्ज है, वे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाईट www.eci.gov.in पर उपलब्ध Search your name in last SIR के तहत अपने माता-पिता, दादा-दादी का नाम खोज सकते है।
उन्होंने जिले की दोनो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त बी.एल.ओ. को घर पर आने पर बीएलओ को अपने माता-पिता, दादा-दादी के राज्य, विधानसभा, मतदान केन्द्र नंबर व क्रम संख्या के सम्बंध में सही सूचना दें व मतदाता का नाम जोड़ने तथा सन्तान के तौर पर जोड़ने में सहयोग करने का कष्ट करें ताकि जिले की दोनो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की तैयार की जाने वाली मतदाता सूची को त्रुटि रहित तैयार किया जा सके।
Top Tags