मोहाली, 5 सितंबर: मोहाली के भांखरपुर गांव के पास बहने वाली घग्गर नदी में आई बाढ़ के तेज बहाव के कारण बांध को हुए नुकसान की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। यह कार्य ड्रेनेज-कम-माइनिंग एंड जियोलॉजी विभाग, मोहाली द्वारा स्थानीय लोगों के सहयोग से तेजी से किया जा रहा है। विभाग के कार्यकारी अभियंता खुशविंदर सिंह ने जानकारी दी कि 1 सितंबर 2025 को घग्गर नदी में लगभग 50 हज़ार क्यूसेक पानी दर्ज किया गया था, जो 3 सितंबर को 1 लाख क्यूसेक के आसपास पहुंच गया। भारी जलप्रवाह के कारण भांखरपुर गाँव के पास (आरडी 10180 मीटर) बांध का बायाँ किनारा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पत्थर की ठोकरें भी बह गईं। प्रभावित तटबंध की कुल लंबाई लगभग 400 फीट है।
मरम्मत कार्य में ईसी बैग, वायर क्रेट और अन्य आवश्यक सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।विभाग ने इस कार्य के लिए आवश्यक मशीनरी व उपकरण तैनात कर दिए हैं। भांखरपुर गांव के स्थानीय निवासी भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं और लगातार राहत कार्य में जुटे हैं। इस क्षेत्र का दो दिन पहले दौरा कर चुकीं उपायुक्त श्रीमती कोमल मित्तल ने गांववासियों को भरोसा दिलाया था कि प्रशासन और विभाग पूरी निष्ठा से बांध की मरम्मत करेगा। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग बनाए रखने की अपील भी की। जिला प्रशासन, विभागीय टीम और गांववासियों के संयुक्त प्रयास से उम्मीद है कि जल्द ही तटबंध को मजबूत कर लिया जाएगा, जिससे आसपास के गांवों को संभावित बाढ़ से राहत मिल सकेगी।