हरियाणा के मुख्यमंत्री ने किया समालखा में ‘ऋषिकुलम् वेलनेस सेंटर’ का उद्घाटन!

चंडीगढ़, 19 मई: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज पानीपत जिले के समालखा में स्थित सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र के परिसर में ‘ऋषिकुलम् वेलनेस सेंटर’ का औपचारिक उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस वेलनेस सेंटर की आधुनिक और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का अधिकतम लाभ लें और अपने जीवन में योग, आयुर्वेद तथा प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाकर एक स्वस्थ, तनावमुक्त और संतुलित जीवन शैली की ओर अग्रसर हों।

मुख्यमंत्री ने इस केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि इसके माध्यम से न केवल स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह ग्राम्य जीवन में सनातन परंपराओं, जीवनशैली और संस्कारों को फिर से जीवित करने की दिशा में भी एक महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस अवसर पर संस्था को ₹51 लाख की वित्तीय सहायता देने की घोषणा भी की।

“स्वस्थ शरीर और सुरक्षित सीमा – यही समय की सबसे बड़ी मांग”: मुख्यमंत्री

श्री सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत को दो सबसे महत्वपूर्ण चीजों की आवश्यकता है – एक, सीमाओं की सुरक्षा, और दूसरी, नागरिकों का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य। उन्होंने कहा कि यह वेलनेस सेंटर इन दोनों आवश्यकताओं में से एक की पूर्ति में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से न केवल शहरवासियों बल्कि ग्रामीण समुदायों को भी स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने खासतौर पर किसानों से प्राकृतिक खेती की ओर लौटने की अपील करते हुए कहा कि अत्यधिक रासायनिक खाद और कीटनाशकों का प्रयोग केवल भूमि को ही नहीं, बल्कि हमारी सेहत को भी नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ और तरीकों के बारे में जागरूक करेगा।

युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण का केंद्र भी बना सेवा साधना परिसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र में स्किल डेवलपमेंट सेंटर भी संचालित किया जा रहा है, जहां लगभग 450 युवा विभिन्न ट्रेड्स में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र युवाओं को स्वावलंबी बनने का अवसर दे रहा है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि संस्था से जुड़े हर व्यक्ति का यह कर्तव्य बनता है कि वह इसे आगे बढ़ाने और समाज के अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने में सक्रिय योगदान दें।

वेलनेस सेंटर: तनावमुक्त जीवन की दिशा में एक नई पहल

माधव जन सेवा न्यास के अध्यक्ष श्री पवन जिंदल ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह वेलनेस सेंटर उन सभी लोगों के लिए संजीवनी समान सिद्ध होगा जो तनाव, भागदौड़ और असंतुलित जीवनशैली से छुटकारा पाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र को सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जा रहा है, ताकि लोग योग, आयुर्वेद और नेचुरोपैथी जैसी विधियों से लाभ उठा सकें।

राष्ट्रीय सुरक्षा पर भी दिया बड़ा बयान

कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमले के महज तीन घंटे के भीतर भारतीय सुरक्षाबलों ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया और आतंक की जमीन को “मिट्टी में मिला दिया”।

इसके अलावा जब जासूसी के आरोप में पकड़े जा रहे लोगों के बारे में सवाल किया गया तो मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और ऐसे देशविरोधी तत्वों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्यक्रम में कई गणमान्य हुए शामिल

इस मौके पर हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, विधायक श्री प्रमोद विज, श्री मनमोहन भड़ाना, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री मोहन लाल कौशिक, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री वीरेंद्र बड़खालसा, डॉ. राज नेहरू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता और पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल सहित कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।