पंजाब के राज्यपाल से मिले गायक गुरदास मान,न/शा-विरोधी अभियान पर की भेंट

पंजाब के राज्यपाल तथा चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मशहूर पंजाबी गायक एवं सांस्कृतिक प्रतीक गुरदास मान ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की।  इस भेंट में  गुरदास मान और प्रशासक गुलाब चंद कटारिया  के बीच पंजाब में नशा-सेवन की बढ़ती समस्या पर गहन विचार-विमर्श हुआ, जो पंजाब के युवाओं पर गंभीर और विनाशकारी प्रभाव डाल रही है।

नशे को लेकर राज्यपाल ने इस चुनौती पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए समाज के सभी वर्गों की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि इस अभिशाप को पंजाब की धरती से जड़ से समाप्त किया जा सके।

इसके साथ ही पंजाब के राज्यपाल तथा चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने गायक गुरदास मान को अवगत कराया कि वह पिछले 1 वर्ष से नशे के विरुद्ध निरंतर जन-जागरूकता अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। इस अभियान में शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, गैर-सरकारी संस्थाओं, खिलाड़ियों, राजनीतिक संगठनों तथा अन्य हितधारकों का सक्रिय सहयोग शामिल है।

इस पर गुरदास मान ने राज्यपाल को पूरा आश्वस्त किया कि वे न/शा-विरोधी अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ेंगे तथा जागरूकता पदयात्राओं में भी सहभागिता करेंगे। गुरदास मान ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है और स्वस्थ एवं नशामुक्त पंजाब के निर्माण के लिए वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और संपूर्ण प्रतिबद्धता के साथ अपना योगदान देंगे