शिल्पा शिरोडकर की ‘मौ*त’ की अफवाह बनी सुर्खी, जिसने शिल्पा शिरोडकर के परिवार को हिला दिया, जानिये कैसे!

चंडीगढ़, 22 जुलाई: साल 1995 में जब बॉलीवुड फिल्म ‘रघुवीर’ की शूटिंग चल रही थी, उस दौरान एक चौंकाने वाली खबर ने सभी को सकते में डाल दिया — “शिल्पा शिरोडकर की गोली मारकर हत्या”। ये हेडलाइन उस वक्त के कई अखबारों की लीड स्टोरी बनी, जिसने एक ओर जहां दर्शकों और मीडिया में सनसनी फैला दी, वहीं दूसरी ओर शिल्पा के परिवार वालों को गहरे सदमे में डाल दिया।

 कुल्लू-मनाली में शूटिंग, घरवालों को लगी अनहोनी की आशंका

अब इतने वर्षों बाद, शिल्पा शिरोडकर ने पहली बार इस अफवाह पर खामोशी तोड़ी है। उन्होंने साझा किया कि घटना के वक्त वह कुल्लू-मनाली में सुनील शेट्टी के साथ फिल्म की शूटिंग कर रही थीं। उस समय मोबाइल फोन नहीं होते थे, और उनके पिताजी होटल में लगातार कॉल करने की कोशिश कर रहे थे।

“जब मैं शूटिंग खत्म करके अपने कमरे में लौटी, तो देखा कि मेरे कमरे में लगभग 20-25 मिस्ड कॉल्स पड़े हुए थे। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था। बाहर लोग अजीब नजरों से देख रहे थे — उन्हें खबर मिल चुकी थी, पर मुझे नहीं पता था कि क्या हुआ है।”

 ‘प्रमोशनल स्ट्रेटजी’ के नाम पर मचाया गया था शोर

बाद में जब फिल्म के डायरेक्टर ने बताया कि यह सब कुछ एक प्रमोशनल प्लान का हिस्सा था, तब जाकर सच्चाई सामने आई। शिल्पा के शब्दों में:

“डायरेक्टर ने मुझसे कहा कि यह बस प्रमोशनल एक्टिविटी थी। मैंने कहा – ठीक है, लेकिन थोड़ा ज्यादा हो गया। उस समय पीआर जैसी कोई चीज़ नहीं होती थी, और न ही कोई मुझे बताने वाला था। मैं आखिरी इंसान थी जिसे पता चला कि मेरे बारे में अखबारों में क्या छपा है।”

 परिवार पर पड़ा गहरा असर

शिल्पा ने यह भी बताया कि उनके परिवार पर इस अफवाह का गंभीर मानसिक प्रभाव पड़ा था। जब उनके माता-पिता ने अखबार में हेडलाइन पढ़ी, तो वो बहुत घबरा गए थे।

“मुझे तब गुस्सा नहीं आया, क्योंकि फिल्म अच्छी चली और उस दौर में प्रमोशन के यही तरीके थे। पर आज जब सोचती हूं, तो लगता है कि कोई रेखा खींचनी चाहिए थी।”

 बिग बॉस से वापसी और अगली फिल्म ‘जटाधारा’

शिल्पा शिरोडकर को हाल ही में रियलिटी शो ‘बिग बॉस 18’ में देखा गया था, जहां उनकी मौजूदगी ने एक बार फिर उन्हें लाइमलाइट में ला दिया। शो में उन्होंने अपनी सादगी, स्पष्टता और आत्मविश्वास से दर्शकों का दिल जीता।

अब वह जल्द ही फिल्म ‘जटाधारा’ में नजर आने वाली हैं, जो उनके करियर में एक नया मोड़ ला सकती है।