पहाड़ों में हो रही बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ा दी है।। दिन-रात को तापमान लगातार गिर रहा है। बर्फीली हवाओं ने हरियाणावासियों की कंपकंपी छुड़ा दी है हरियाणा में सर्दी ने अब अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं.बड़े, बच्चे और बूढ़े सभी ठंड से परेशान है।
सुबह की शुरुआत ही ठंडी हवा और घने कोहरे से हो रही है. विजिबिलिटी शून्य है , वहीं दिन चढ़ने के बाद भी ठिठुरन पीछा नहीं छोड़ रही. लोग अलाव के पास बैठे नजर आ रहे हैं. गर्म कपड़ों के बिना घर से निकलना मुश्किल हो गया है. बीते मंगलवार 6 जनवरी को प्रदेश के तापमान में अचानक आई गिरावट ने आम जनजीवन को साफ तौर पर प्रभावित किया है. मौसम मानो यह याद दिला रहा हो कि सर्दी अभी और इम्तिहान लेने वाली है.
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान में औसतन करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. यह तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री से ज्यादा नीचे रहा.
वही जींद के पांडु-पिंडारा इलाके में दिन का तापमान गिरकर 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल रहा. हिसार और सिरसा में अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री रहा जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम है. रोहतक और अंबाला में भी पारा 12.8 से 13.2 डिग्री के बीच सिमटा रहा. कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष ने बताया कि नमी की वजह से उत्तर और दक्षिण हरियाणा में सुबह और देर रात घना कोहरा छाने की संभावना है. उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा.
Top Tags