चंडीगढ़, 20 जून: मनोरंजन जगत इन दिनों एक के बाद एक दिल दहला देने वाली खबरों से गुजर रहा है। इस बार जो घटना सामने आई है, उसने न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री को बल्कि आम लोगों को भी हिला कर रख दिया है। यह दर्दनाक मामला ब्रिटेन की राजधानी लंदन के कैमडेन इलाके से सामने आया है, जहां एक चर्चित पूर्व फिल्म निर्देशक और अभिनेत्री की संदिग्ध हालात में हत्या कर दी गई।
मृतका की पहचान जेनिफर एबॉट के रूप में हुई है, जिन्हें एक समय पर साराह स्टीनबर्ग के नाम से भी जाना जाता था। जेनिफर अपनी प्रतिभा और स्वतंत्र सोच के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने कई चर्चित डॉक्यूमेंट्रीज़ और शॉर्ट फिल्मों का निर्देशन किया था, और अपनी कला को लेकर वह बेहद समर्पित थीं।
पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, जेनिफर एबॉट की लाश उनके ही घर में उनके बेडरूम में पाई गई। वह कंबल में पूरी तरह लिपटी हुई थीं और उनके मुंह पर टेप चिपका हुआ था। यह दृश्य इतना डरावना था कि देखने वाले सिहर उठे।
उनकी भतीजी कई दिनों से उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर उसे शक हुआ। जब लगातार कॉल और मैसेज का कोई उत्तर नहीं मिला, तो उसने स्थानीय प्रशासन से मदद ली। मजबूरी में दरवाजा तोड़ा गया, जिसके बाद इस भयावह सच्चाई का पता चला।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि जेनिफर के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतज़ार किया जा रहा है, लेकिन घटनास्थल से मिले सुराग इस ओर इशारा कर रहे हैं कि हत्या बेहद योजनाबद्ध ढंग से की गई।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। जांच में यह भी पाया गया कि जेनिफर का कीमती हीरों से जड़ा रोलेक्स ब्रांड की घड़ी गायब है, जिससे संदेह और गहरा गया है कि हत्या का मुख्य कारण यह घड़ी हो सकती है।
दिलचस्प बात यह है कि जेनिफर को आखिरी बार 10 जून को अपने पालतू कॉर्गी कुत्ते के साथ गली में टहलते हुए देखा गया था। इसके बाद से कोई सार्वजनिक गतिविधि दर्ज नहीं हुई थी। यही कुत्ता तीन दिन तक बाथरूम में बंद रहा, लेकिन वह अब सुरक्षित है और उसकी देखभाल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला सिर्फ चोरी का नहीं लग रहा, बल्कि इसमें कोई जानने वाला भी शामिल हो सकता है। घर में जबरन घुसने के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
फिलहाल इस केस की जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से मामले को खंगाल रही है — चाहे वह संपत्ति विवाद हो, कोई पुरानी रंजिश या फिर महंगी घड़ी के पीछे की लालच।
Top Tags