Reliance Foundation : 21st Century Skills Conclave में युवा शक्ति को मिली नई दिशा

मुंबई, 29 जनवरी 2026: रिलायंस फाउंडेशन ने इस सप्ताह आयोजित 21st Century Skills Conclave में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने की घोषणा की। फाउंडेशन अब तक 12 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बना चुका है, जिसमें 3 लाख से ज्यादा युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और 1.8 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिल चुका है।

इस कॉन्क्लेव में उद्योग जगत के प्रमुख नेता, स्किलिंग विशेषज्ञ और युवा लीडर्स शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान भारत के बदलते स्किल परिदृश्य, भविष्य के कार्यक्षेत्र और युवाओं के learning से earning तक के सफर पर गहन चर्चा हुई। कीनोट भाषण, पैनल चर्चाएं, फायरसाइड बातचीत और युवाओं के प्रत्यक्ष अनुभवों के माध्यम से Skill India Mission के अनुरूप स्किलिंग और रोजगार को गति देने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र सरकार की व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण निदेशक, सुश्री माधवी सरदेशमुख ने कहा कि आज की जरूरत डिग्री से आगे बढ़कर क्षमताओं के निर्माण की है। उन्होंने रिलायंस फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी, जैसे PM-SETU, के माध्यम से उद्योग-तैयार कार्यबल विकसित करना समय की मांग है।

कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए रिलायंस फाउंडेशन की स्किलिंग एवं रोजगार कार्यक्रम प्रमुख, सुश्री नूपुर बहल ने कहा कि भारत का जनसांख्यिकीय लाभ तभी राष्ट्रीय विकास में बदलेगा जब युवाओं को भविष्य-उन्मुख कौशल से सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिलायंस लंबे समय से युवाओं की क्षमता में विश्वास करता आया है और आज तकनीक आधारित स्किलिंग के जरिए युवाओं को स्थायी करियर के अवसर दिए जा रहे हैं।

वहीं, NSDC के सीईओ श्री अरुणकुमार पिल्लै ने कहा कि Future Ready Skill Initiative के पहले चरण की सफलता यह दर्शाती है कि सहयोगात्मक प्रयास बड़े स्तर पर प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि रिलायंस फाउंडेशन के साथ साझेदारी से हजारों युवाओं को उद्योग-अनुकूल कौशल मिले हैं और दूसरे चरण में इस प्रभाव को और विस्तार दिया जाएगा।